अपनी पसंद की खबर खोजें
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में जंगल में मवेशी चराने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, घटना पालामडगू गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर जंगल में दोपहर लगभग 2:30 बजे हुई। ग्रामीण पोडीयाम मुड़ा (30 वर्ष) और कवासी हिड़मा (लगभग 50 वर्ष) मवेशी चराने के लिए जंगल गए थे। दोनों पालामडगू के पटेलपारा, थाना पोलमपल्ली के निवासी बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि मवेशी चराने के दौरान अचानक दोनों ग्रामीणों के सामने भालू आ गया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में भी डर का माहौल बना हुआ है।
मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वन अमला घटना से जुड़े हालात की जानकारी जुटा रहा है और क्षेत्र में लोगों को जंगल की ओर जाने के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।