अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि समाज के लोगों ने व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उद्यमशीलता के बल पर विशिष्ट पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय और विश्वास का संबंध है, जहां समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। उन्होंने प्रदेश में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि पांच दशकों का यह सफर सामाजिक एकजुटता, सेवा भावना और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने का प्रेरणादायी उदाहरण है।
उन्होंने भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान सहित राज्य के औद्योगिक विकास में तेलुगु समाज के इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों के योगदान को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित किए जा रहे सड़क मार्ग से छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा माल परिवहन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्रत्येक समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आपस में जोड़ने और अनुभव साझा करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और समाज के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य व संगीत की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व समाज के सदस्य उपस्थित रहे।