अपनी पसंद की खबर खोजें
दुर्ग। दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां एक स्कूल बस ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा 19 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे घटित हुआ। मृतक दंपति की पहचान ग्राम भुरकुनी निवासी द्रोणाचार्य साहू और उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी ग्राम कौही में आयोजित एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और वहां से अपनी बाइक (क्रमांक CG04QN7116) पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
वापसी के दौरान जब वे पाटन के महामाया चौक से आगे अमलेश्वर रोड स्थित सुलभ शौचालय के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूल बस (क्रमांक CG04-RC-1135) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बस और बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पति-पत्नी उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से डायल 112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने बिना देर किए दोनों घायलों को तत्काल पाटन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद द्रोणाचार्य साहू को मृत घोषित कर दिया और उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू ने भी दम तोड़ दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम भुरकुनी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पाटन पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए दुर्घटनाकारित स्कूल बस को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं आरोपी बस चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक जांच की जा रही है।