अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। रोजगार और बेहतर आजीविका की उम्मीद लेकर महाराष्ट्र पहुंचे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों के लिए जिला प्रशासन का त्वरित हस्तक्षेप बड़ी राहत लेकर आया। महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम करने को मजबूर इन श्रमिकों को श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मुक्त कराकर सुरक्षित छत्तीसगढ़ वापस पहुंचाया है। बचाए गए लोगों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं, जिनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक अपने घर लौट आए हैं।
यह पूरा मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत उलखर से जुड़ा है, जहां के एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर सोलापुर में अपने परिवार व ग्रामीणों के साथ हो रहे शोषण की जानकारी दी थी। शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति रोजगार, नियमित मजदूरी, भोजन, आवास और इलाज की सुविधा का भरोसा देकर श्रमिकों को गन्ना कटाई व ट्रक लोडिंग के लिए महाराष्ट्र ले गया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद सुबह से रात 9 बजे तक काम कराने, साप्ताहिक मजदूरी न देने, पर्याप्त राशन न मिलने, बीमारी में भी काम कराने तथा मारपीट व दुर्व्यवहार जैसी गंभीर परिस्थितियां पैदा कर दी गईं।
श्रमिक की गुहार को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद श्रम निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षक की एक संयुक्त टीम महाराष्ट्र भेजी गई। टीम ने सोलापुर पहुंचकर जांच की तो श्रमिकों से बंधक बनाकर गन्ना कटाई कराए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के समन्वय से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया।
बचाव अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती के 2 श्रमिक 20 नवंबर को बचाव दल के साथ अपने गृह ग्राम पहुंच गए। लंबे समय से कठिन दौर से गुजर रहे इन श्रमिकों की सुरक्षित वापसी से परिवारों में खुशियां लौट आई हैं और परिजनों ने जिला प्रशासन की तत्परता के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इस सफल अभियान के बाद जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि वे दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने से पहले संबंधित ठेकेदार, बिचौलिए और कार्यस्थल की पूरी जानकारी अवश्य जुटाएं तथा श्रम विभाग में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन से बचें और बाहर मजदूरी न मिलने, शोषण या बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत श्रम विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।