अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर के सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवासों और कोनी में पीएम ई-बस सेवा के लिए निर्माणाधीन टर्मिनल एवं चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को अधूरे कार्य जल्द पूरा करने तथा कमियों को दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सूडा के सीईओ सुमित अग्रवाल, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सकरी में 261 आवासों के फिनिशिंग कार्य की समीक्षा
सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत करीब 11 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से 261 आवास तैयार किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान फ्लोर पर टाइल्स नहीं लगे होने और फिनिशिंग का काम अधूरा मिलने पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को कमियों में तत्काल सुधार करते हुए फिनिशिंग का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने किचन और प्लेटफॉर्म के आकार, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और अब तक पूरे किए गए कार्यों की जानकारी भी ली।
प्रमुख सचिव ने आवासीय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने, लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाने और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शेष कार्यों में तेजी लाने को कहा और 15 दिनों बाद प्रगति की दोबारा समीक्षा करने की बात कही।
ई-बस टर्मिनल और चार्जिंग स्टेशन का भी निरीक्षण
इसके बाद सोनमणि बोरा ने कोनी स्थित सिटी बस डिपो पहुंचकर पीएम ई-बस सेवा के तहत निर्माणाधीन टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। बसों के लिए बनाए गए स्टॉप को व्यवस्थित करने और वहां डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बसों के समय और आवागमन की जानकारी आसानी से मिल सके।
पीएम ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर में 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इनमें 9 मीटर लंबाई की 35 बसें और 7 मीटर की 15 बसें शामिल हैं। इन बसों का संचालन शहर के 12 मार्गों पर किया जाएगा। मार्गों का निर्धारण करते समय स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों और उच्च न्यायालय तक आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखा जा रहा है।
11.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा ई-बस इंफ्रास्ट्रक्चर
ई-बस संचालन के लिए कोनी सिटी बस डिपो में टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन निर्माण के लिए 11 करोड़ 45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें सिविल अधोसंरचना के लिए 8 करोड़ 37 लाख रुपये, सब-स्टेशन के लिए 1 करोड़ 59 लाख रुपये और उच्च दाब विद्युत कनेक्शन के लिए 1 करोड़ 49 लाख रुपये का प्रावधान है।
वर्तमान में सिविल अधोसंरचना का करीब 70 प्रतिशत और सब-स्टेशन निर्माण का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उच्च दाब विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण सीएसपीडीसीएल द्वारा किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल कॉम्प्लेक्स में कैफेटेरिया और रैनबसेरा विकसित करने की भी योजना है।