अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को कौशल विकास और निवेश के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मिले। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा-प्रशिक्षण को लेकर एमओयू किया गया। वहीं एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹350 करोड़ के नए निवेश का प्रस्ताव मिला। इसके साथ सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों की कुल राशि बढ़कर ₹43,600 करोड़ हो गई।
छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर पहली बार Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। इसके अलावा विभिन्न वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार होंगे युवा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services, Singapore के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा तथा प्रशिक्षण के लिए एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को समझा।
सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल से छत्तीसगढ़ में भी उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। उन्होंने कहा कि सिंगापुर के कौशल विकास मॉडल का लाभ लेकर छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि प्रदेश में आने वाले उद्योगों को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।
किसानों की उपज की होगी एग्रो प्रोसेसिंग
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में ₹350 करोड़ के निवेश का आमंत्रण दिया। 22 देशों में कारोबार करने वाली कंपनी प्रदेश में इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने की योजना पर काम करेगी।
प्रस्तावित हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे कृषि उत्पादों का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन करने, किसानों को नए बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
सिंगापुर के विदेश मंत्री से निवेश और तकनीक पर चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ। सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का छत्तीसगढ़ के विकास में उपयोग किस तरह किया जा सकता है, इस पर भी चर्चा हुई।
15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद
सीईओ राउंडटेबल के दौरान मुख्यमंत्री ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua सहित अन्य कंपनियां शामिल थीं।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की निवेश नीतियों, किए गए सुधारों और कारोबारी वातावरण की जानकारी दी। बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई।
AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। इसमें GFTN के ग्रुप सीईओ Sopnendu Mohanty, इंडिया, एशिया, जापान एवं ASEAN के सीईओ James Boey और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर Anthony Thomas सहित उनकी टीम शामिल हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने में सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया।
कौशल विकास के लिए एमओयू, एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग में नए निवेश प्रस्ताव और वैश्विक कंपनियों के साथ बैठकों के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा संपन्न हुई। प्रतिनिधिमंडल के 7 अक्टूबर को रायपुर लौटने की जानकारी दी गई है।