अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ी भाषा में माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और छत्तीसगढ़ की आत्मीयता रची-बसी है तथा यह हमारी संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की पहचान है। उन्होंने कहा कि लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी की मिठास झलकती है और यह पीढ़ियों से संस्कृति व जीवन मूल्यों को सहेजते हुए लोगों को अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।
दैनिक व्यवहार, साहित्य और शिक्षा में भाषा के उपयोग पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है, इसलिए मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही इसे दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक से अधिक स्थान दिया जाना चाहिए।
संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प का आह्वान
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर सभी लोग अपनी मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने तथा इसके संरक्षण व संवर्धन का संकल्प लें, ताकि भाषा की मिठास और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनी रहे।