अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं, जिसके तहत प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक-आर्थिक जानकारी संकलित की जाएगी। जनगणना कार्य को समयबद्ध, त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा मैदानी स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
10 जनवरी से स्व-गणना, 25 जनवरी से घर-घर सर्वेक्षण और 72 हजार से अधिक कर्मी
डिजिटल तकनीक के माध्यम से होने वाली जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना (जो ऐच्छिक है) तथा 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी 72 हजार से अधिक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक संभालेंगे। कार्यशाला में भारत की जनगणना की डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण व गणना के बाद द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म और जाति सहित अन्य विषयों पर जानकारी ली जाएगी तथा आंकड़ों की विश्वसनीयता व अफवाहों के तत्काल खंडन पर जोर दिया।
प्रशिक्षण, मॉनिटरिंग, स्पष्टता और स्थानांतरण पर रोक के निर्देश
मुख्य सचिव विकासशील ने कलेक्टरों को जनगणना दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर टीम को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपने, प्रगणकों के बेहतर प्रशिक्षण, पर्यवेक्षण और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन है और इसका किसी प्रमाण पत्र या शासकीय पात्रता से संबंध नहीं है, साथ ही जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों व कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। कार्यशाला में अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक, जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल, डिप्टी रजिस्ट्रार वृषाली वराडे सहित सभी कलेक्टर, संभागायुक्त और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।