अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ एवं छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ का विमोचन किया और प्रकाशन से जुड़े सभी साहित्यकारों, संपादकीय टीम तथा आयोग के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता, लोकजीवन और पीढ़ियों से संजोई गई परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति है, जिसे सहेजना व नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
छत्तीसगढ़ी साहित्य और पारंपरिक कालगणना से जुड़ेगी नई पीढ़ी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ छत्तीसगढ़ी साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी, जबकि पंचांग ‘बछर’ पारंपरिक कालगणना, लोकपर्वों और सांस्कृतिक मान्यताओं से नई पीढ़ी को परिचित कराने में उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ये दोनों प्रकाशन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव की भावना को सुदृढ़ करेंगे और प्रदेश की साहित्यिक व सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देंगे।
क्षेत्रीय भाषाओं व लोक परंपराओं के संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की सभी क्षेत्रीय भाषाओं, बोलियों और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ाव ही हमारी पहचान को मजबूत बनाता है और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखता है। विमोचन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, प्रबंध संपादक डॉ. अभिलाषा बेहार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।