अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि बच्चों की सफलता को केवल परीक्षा के अंकों और स्कूल में उनकी रैंकिंग से नहीं आंका जाना चाहिए, क्योंकि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा होती है और जीवन में सफलता के लिए अंकों से कहीं अधिक आत्मविश्वास, धैर्य, जुनून तथा असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने का जज्बा मायने रखता है। आज भिलाई के कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों की स्वाभाविक रुचि, प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
टॉपर बनने के दबाव के बजाय रुचि व क्षमताओं को पहचानने पर जोर
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि अब वह दौर बदल चुका है जब बच्चों को केवल सरकारी नौकरी के लिए तैयार किया जाता था, बल्कि आज खेल, कला, संस्कृति, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों में युवाओं के लिए असीम अवसर मौजूद हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर स्कूल का टॉपर बनने का दबाव न डालें, बल्कि उनकी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दें और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
ग्रामीण परिवेश से आईएएस बनने तक के संघर्ष और प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों का जिक्र
अपने बचपन व विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि वे एक छोटे से गांव से निकलकर पढ़ाई के लिए भिलाई आए थे, आठ वर्ष की आयु में पिता का निधन होने के बाद चौथी कक्षा तक शिक्षित उनकी माता ने कठिन परिस्थितियों में पालन-पोषण व प्रोत्साहन दिया और चुनौतियों के बावजूद वे 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयनित हुए, जिसके बाद लगभग 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में विभिन्न जिलों में कलेक्टर व अन्य पदों पर कार्य करते हुए राजनीति में कदम रखा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के साथ निफ्ट, नाइलेट और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं तथा उन्होंने शिक्षा व तकनीकी नवाचार में रूंगटा ग्रुप के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा ग्रुप के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान सहित प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित थे।