अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा में अपना संदेश देते हुए कहा कि "हमर माटी के महक, हमर पुरखा के चिन्हारी, हमर भाखा-छत्तीसगढ़ी। छत्तीसगढ़ी राजभाखा दिवस के गाड़ा-गाड़ा बधई अउ सुभकामना।"
सांस्कृतिक अस्मिता, लोकगीत और साहित्य में झलकती है समृद्ध विरासत
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, सांस्कृतिक अस्मिता, गौरवशाली परंपराओं और जनजीवन की सशक्त अभिव्यक्ति है, जिसकी मिठास व सहजता में छत्तीसगढ़ की माटी की महक और लोगों का अपनत्व रचा-बसा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, लोककथाओं, लोकनाट्यों और साहित्य में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत प्रतिबिंबित होती है तथा भाषा को समृद्ध बनाने में साहित्यकारों, कवियों, लोक कलाकारों और भाषा साधकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
नई पीढ़ी को भाषा व लोक संस्कृति से जोड़ने का अवसर
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस अपनी मातृभाषा के प्रति गौरव की भावना को सुदृढ़ करने तथा इसके संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और लोक संस्कृति से जोड़ना आवश्यक है।