अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। भारत सरकार के उपक्रम एनटीपीसी-सेल पावर कंपनी लिमिटेड (एनएसपीसीएल) भिलाई के कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत प्रायोजित तथा केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), रायपुर द्वारा दुर्ग जिले के युवाओं के लिए तीन माह का निःशुल्क आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 80 युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा और प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को देश के प्रतिष्ठित उद्योगों में रोजगार दिलाया जाएगा।
वर्तमान समय में प्लास्टिक एवं पॉलीमर उद्योग देश के औद्योगिक विकास का एक महत्वपूर्ण आधार बन चुके हैं। छत्तीसगढ़ में भी प्लास्टिक व पॉलीमर आधारित उद्योगों का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। राज्य में प्रस्तावित प्लास्टिक पार्क और विकसित हो रहे औद्योगिक व विनिर्माण क्षेत्रों के चलते आने वाले समय में प्लास्टिक प्रोसेसिंग, इंजेक्शन मोल्डिंग और प्लास्टिक उत्पाद निर्माण जैसे क्षेत्रों में कुशल तकनीकी मानव संसाधन की मांग बढ़ेगी, जिससे दुर्ग जिले के युवाओं को भविष्य के अवसरों से जुड़ने का मौका मिलेगा।
सिपेट द्वारा यह प्रशिक्षण असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर – प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग और असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर – इंजेक्शन मोल्डिंग ट्रेड में दिया जाएगा, जिसके लिए कुल 80 सीटें स्वीकृत हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का दुर्ग जिले का मूल निवासी होना अनिवार्य है, साथ ही न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं कक्षा उत्तीर्ण और आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण शुल्क, छात्रावास, भोजन, यूनिफॉर्म और अध्ययन सामग्री की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि प्रशिक्षण सिपेट रायपुर के आधुनिक परिसर में संचालित होगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सिपेट रायपुर के केंद्र प्रमुख एवं निदेशक डॉ. आलोक साहू ने कहा कि एनएसपीसीएल के सहयोग से शुरू हो रही यह पहल दुर्ग जिले के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर स्किल इंडिया मिशन के तहत रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने बताया कि युवाओं को आधुनिक मशीनों पर उद्योग आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा और कोर्स पूरा होने के बाद सफल प्रशिक्षुओं को प्लास्टिक, पॉलीमर, पैकेजिंग व मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. साहू ने कहा कि एनएसपीसीएल और सिपेट का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है, इसलिए दुर्ग जिले के पात्र युवा इस निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण 15 दिसंबर 2026 तक कराया जा सकता है। इच्छुक व पात्र अभ्यर्थी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दुर्ग जिले का निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ सिपेट रायपुर, भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र में संपर्क कर सकते हैं।