अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकारी में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 33 करोड़ 78 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात देते हुए एक उच्चस्तरीय पुल तथा दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण और चार नए उच्चस्तरीय पुलों का भूमिपूजन किया। इन पांचों उच्चस्तरीय पुलों के माध्यम से जिले के 29 हजार से अधिक ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है और नदी-नालों पर पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में होने वाली आवागमन की कठिनाइयां दूर होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार तक पहुंच सुगम होगी।
डोड़की नदी पर पुल का लोकार्पण, 22.77 करोड़ के चार नए पुलों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय ने नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया, जिससे करीब 10 गांवों की 7,471 आबादी लाभान्वित होगी। इसके साथ ही उन्होंने 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाले चार नए उच्चस्तरीय पुलों का भूमिपूजन किया, जिनमें रेंगारघाट-कुड़केला मार्ग पर बोलजोरा में 4 करोड़ 47 लाख 98 हजार रुपये का 92 मीटर पुल (6,500 ग्रामीण लाभान्वित), बोड़ाकछार-चटकपुर मार्ग पर चंपाझरिया में 4 करोड़ 46 लाख 58 हजार रुपये का 100 मीटर पुल (3,519 ग्रामीण लाभान्वित), बसेनताला-चटकपुर मार्ग पर सिंधु नाला में 2 करोड़ 55 लाख 72 हजार रुपये का 63 मीटर पुल (6,133 आबादी लाभान्वित) तथा ठेठेटांगर-चोंगरीबहार मार्ग पर ईब नदी में 11 करोड़ 27 लाख 3 हजार रुपये की लागत से बनने वाला 312 मीटर लंबा उच्चस्तरीय पुल (लगभग 6 हजार ग्रामीण लाभान्वित) शामिल है।
दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण, अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम काईकछार और बालाछापर में कुल 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी क्षमता के दो विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत वितरण व्यवस्था सुदृढ़ होगी और घरेलू उपभोक्ताओं के साथ खेती-किसानी व छोटे व्यवसायों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प विकास का लाभ दूरस्थ गांवों और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है; इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, एसपी लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, चीक बड़ाईक महासभा के सत्यनारायण बड़ाईक, जोकरी सरपंच मंजू भगत, पूर्व विधायक रोहित कुमार साय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपेंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित थे।