अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर: राजधानी रायपुर में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में 72 से अधिक कंपनियां करीब 11,700 पदों पर भर्ती के लिए शामिल होंगी।
रोजगार विभाग के सहायक संचालक केदार पटेल के अनुसार, रोजगार मेले में उपलब्ध कुल पदों में लगभग आधे पद छत्तीसगढ़ में और बाकी आधे पद राज्य के बाहर रोजगार के लिए हैं। इससे स्थानीय स्तर के साथ-साथ दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को भी अवसर मिल सकेगा।
10 हजार से 50 हजार रुपये तक वेतन
कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल की जरूरत होगी। योग्यता और पद के अनुसार चयनित युवाओं को 10 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने की संभावना है। ऐसे में रोजगार मेले में विभिन्न योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे।
दो दिनों तक चलेगा रोजगार मेला
राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 7 और 8 अक्टूबर को किया जा रहा है। युवाओं के लिए यह निजी क्षेत्र में नौकरी हासिल करने और कंपनियों से सीधे संपर्क करने का अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक दस्तावेजों और जरूरी प्रमाणपत्रों के साथ रोजगार मेले में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।