अपनी पसंद की खबर खोजें
Raipur Missing Cases: रायपुर में गुमशुदगी के मामलों को लेकर पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। शनिवार से रविवार के बीच 24 घंटे में रायपुर कमिश्नरेट और ग्रामीण थाना क्षेत्रों में कुल 159 गुमशुदगी की FIR दर्ज की गई। इनमें 78 महिलाएं भी शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद पुलिस अब गुमशुदगी की सूचना मिलने पर केवल लापता व्यक्ति की तलाश तक सीमित नहीं रह रही है। परिस्थितियों के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि कहीं संबंधित व्यक्ति को बंधक बनाकर तो नहीं रखा गया है या उसे गलत तरीके से छिपाकर रखा गया है।
24 घंटे में दर्ज 159 मामलों के आंकड़े के अनुसार औसतन हर घंटे करीब 6 से 7 गुमशुदगी की शिकायत दर्ज हुई। बड़ी संख्या में मामले सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी इसे लेकर गंभीरता बढ़ी है।
पुलिस अब गुमशुदगी के मामलों में परिस्थितियों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। इसमें यह पता लगाने का प्रयास भी शामिल है कि व्यक्ति अपनी इच्छा से कहीं गया है या उसके साथ किसी तरह की जबरदस्ती अथवा बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति तो नहीं है।