अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं और 6,331 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। इस दौरान 180 हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ और स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज भी वितरित किए गए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सेवा सेतु के माध्यम से अलग-अलग विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों का समय बच रहा है और समस्याओं के समाधान में सुविधा मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों को संवेदनशीलता के साथ योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। नगर निगम के जोन क्रमांक 4, 5 और 6 के अंतर्गत आने वाले 17 वार्डों के नागरिकों के लिए आयोजित शिविर में उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक शासकीय योजनाओं से वंचित न रहे। शिविर का उद्देश्य लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर से राहत देकर एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के 279 हितग्राही लाभान्वित
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 279 हितग्राही लाभान्वित हुए। इनमें 15 हितग्राहियों को शिविर स्थल पर भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। राशन कार्ड योजना से 36 हितग्राही लाभान्वित हुए, जबकि 15 लोगों को मौके पर राशन कार्ड दिए गए। इसके अलावा नल कनेक्शन, पेंशन योजना, विवाह पंजीयन और ट्रेड अनुज्ञप्ति सहित नगर निगम की अन्य सेवाओं का भी लाभ नागरिकों को मिला।
आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के साथ बाढ़ राहत
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से 943 हितग्राहियों को आय प्रमाण पत्र, 71 को जाति प्रमाण पत्र और 146 को निवास प्रमाण पत्र से संबंधित लाभ मिला। बाढ़ आपदा राहत के अंतर्गत भी 292 हितग्राही लाभान्वित हुए। शिविर में 40 आय प्रमाण पत्र, 20 जाति प्रमाण पत्र, 20 निवास प्रमाण पत्र और 60 हितग्राहियों को बाढ़ आपदा राहत के चेक वितरित किए गए।
श्रमिक परिवारों को कई योजनाओं का लाभ
श्रम विभाग की योजनाओं से भी बड़ी संख्या में श्रमिक परिवार लाभान्वित हुए। निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना से 1,153 हितग्राही, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से 328, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना से 236 और मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना से 195 हितग्राही लाभान्वित हुए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना सहित अन्य श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को दिया गया।
स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड और अन्नप्राशन कार्यक्रम
महिला एवं बाल विकास विभाग की नोनी सुरक्षा योजना से 84 हितग्राही लाभान्वित हुए, जिनमें 10 हितग्राहियों को शिविर में ही लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया।
इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क बस यात्रा पास और पात्र आवेदकों को ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किए गए। शिविर में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित नगर निगम और विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।