अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज मंत्रालय में पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के सभी मुख्य अभियंताओं की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों, सड़कों और पुलों के साथ नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति का जायजा लिया तथा जिन कार्यों की निविदा स्वीकृत हो गई है, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों एवं एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी करने के निर्देश दिए, ताकि वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करते हुए कार्यों में तेजी लाई जा सके।
मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन फील्ड निरीक्षण और नियमित समीक्षा के निर्देश
सचिव बंसल ने सभी मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों के कार्यों की सख्त मॉनिटरिंग कर नियमित भुगतान सुनिश्चित करने को कहा तथा अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक की बैठक लेकर प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कराने और भौतिक व वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
गुणवत्ताहीन कार्यों को उखाड़कर दोबारा बनाने का आदेश
निर्माण सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सचिव बंसल ने गुणवत्ताहीन कार्यों को निर्धारित टाइमलाइन में अच्छी गुणवत्ता के साथ दोबारा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्से तथा कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी की बानौ-कान्हाभैरा मार्ग में खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने को कहा।
भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन और जन शिकायतों के निराकरण की समीक्षा
बैठक में जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों के साथ-साथ सीएम-हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा सीपीग्राम्स (Centralised Public Grievances Redress & Monitoring System) में प्राप्त जन शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। इस दौरान प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।