अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन, जनकल्याण और समृद्धि के नए संकल्पों के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा बीते तीन वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। एक विशेष संवाद कार्यक्रम के दौरान सरकार की उपलब्धियों और भावी कार्ययोजना पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है।
8.60 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव और नई औद्योगिक पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज आधारित पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगार आधारित उद्योगों के केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें लगभग 50 प्रतिशत परियोजनाएं आधुनिक तकनीक और अधिक रोजगार देने वाले क्षेत्रों से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि कारोबार सुगम बनाने के लिए 450 से अधिक सुधार, दो जनविश्वास अधिनियम, छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 लागू किए गए हैं, जबकि नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई, देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क, फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
महतारी वंदन, किसान हितैषी फैसले और शिक्षा-स्वास्थ्य का विस्तार
महिला सशक्तीकरण पर मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है और नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। प्रदेश में 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, वहीं महिलाओं के नाम अचल संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत व स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट, रेडी-टू-ईट का कार्य महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने और सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर के संचालन जैसी पहल की गई हैं। किसानों के लिए प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है।
शिक्षा, कौशल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्होंने 30 आईटीआई के उन्नयन, छह इंजीनियरिंग व पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित करने, मुख्यमंत्री एआई मिशन के तहत 14 लाख विद्यार्थियों को एआई प्रशिक्षण, 273 करोड़ रुपये से 38 नालंदा लाइब्रेरी, नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख से अधिक लोगों की जांच, गीदम में मेडिकल कॉलेज व जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की शुरुआत तथा पीएम सूर्य घर योजना के तहत 1.38 लाख सोलर संयंत्रों की स्थापना का उल्लेख किया।
बस्तर रोडमैप 2.0, जनजातीय संस्कृति और अधोसंरचना विकास
बस्तर को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलताओं के बीच बस्तर शांति, विश्वास और विकास की नई पहचान की ओर बढ़ रहा है और इसके लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया गया है, जबकि सुरक्षा शिविरों को शहीद गुंडाधुर ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बस्तर पंडुम, अखरा विकास योजना, शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, होमस्टे नीति 2025-30, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन और प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि सुशासन और जनभागीदारी से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में स्थान दिलाना सरकार का संकल्प है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।