अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से प्रदेश के भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं ने मुलाकात की और सप्ताह भर के प्रवास के दौरान जुटाए अपने अनुभव साझा किए। भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के अंतर्गत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए युवाओं ने सात दिनों तक छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक वैभव और विकास को करीब से देखा व समझा।
नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में युवाओं को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसके नेतृत्व का दायित्व आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि शिविर से युवा केवल अनुभव ही नहीं बल्कि जीवनभर काम आने वाली पूंजी लेकर लौट रहे हैं, वहीं आपसी जुड़ाव और स्नेह भारत की वास्तविक ताकत हैं।
अरुण साव ने कहा कि भारत की विशेषता विविधता में एकता है, जहां भाषा और भूगोल कभी एकता की सीमा नहीं रहे, और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करना ही इस शिविर का मूल उद्देश्य है। उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कृति, संस्कार व परंपराओं के ज्ञान पर जोर दिया और युवाओं को आत्मविश्वास, धैर्य व संघर्ष के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस दौरान मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी उपस्थित रहे।
मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय ‘वंदे मातरम् शिविर’ में शामिल युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से भेंट करने के साथ सिरपुर, नवा रायपुर के आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांकन और छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण किया। इसके अतिरिक्त युवाओं ने रायपुर में ‘सियान गुड़ी’ (वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह) जाकर समय बिताया तथा डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराध व उद्यमिता से जुड़े सत्रों में हिस्सा लिया।
प्रवास के दौरान युवाओं ने जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह) की झलकियों के साथ रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव के माध्यम से विभिन्न राज्यों की परंपराओं व व्यंजनों का अनुभव किया।