अपनी पसंद की खबर खोजें
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए अपनाई जा रही डिजिटल व्यवस्था का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को मिलने लगा है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के मरवाही क्षेत्र के किसान दिनेश कुमार राय ने किसान तुहर टोकन ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त कर मरवाही धान उपार्जन केंद्र में 80 क्विंटल धान आसानी से विक्रय किया।
किसान दिनेश कुमार राय ने बताया कि पहले धान बेचने के लिए टोकन कटवाने के उद्देश्य से उपार्जन केंद्रों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब किसान तुहर टोकन ऐप से मोबाइल के जरिए घर बैठे ही टोकन मिल जा रहा है। इस सुविधा से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है तथा किसान अपनी सुविधा के अनुसार धान विक्रय की तैयारी कर पा रहे हैं।
निर्धारित टोकन के आधार पर मरवाही धान उपार्जन केंद्र पहुंचे दिनेश कुमार राय ने बताया कि वहां धान खरीदी और व्यवस्थाएं सुगम रहीं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। डिजिटल टोकन व्यवस्था लागू होने से उपार्जन केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ व कतारों की स्थिति कम हुई है और किसानों को निर्धारित तिथि पर अपनी उपज लाने में सहूलियत मिल रही है।
उन्होंने बताया कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने पर उनके द्वारा बेचे गए 80 क्विंटल धान का मूल्य 2 लाख 48 हजार रुपये बनता है। बेहतर दाम मिलने से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है, जिससे वे खेती से जुड़े कार्यों में निवेश करने के साथ पारिवारिक जरूरतों को भी सहजता से पूरा कर पा रहे हैं।
दिनेश कुमार राय ने सुगम धान खरीदी व्यवस्था, किसान तुहर टोकन ऐप की डिजिटल सुविधा और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके अनुसार, तकनीक और किसान हितैषी व्यवस्थाओं के समन्वय से धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हुई है और किसानों का भरोसा मजबूत हुआ है।