अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें हेलीकॉप्टर में अपने साथ रायपुर लेकर पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है। उन्होंने बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान उनके निवास के पास आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रात में नंदकुमार साय के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पैर में लगी चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में तकलीफ हो रही थी। आज रायपुर लौटने के दौरान यात्रा में असुविधा न हो और समय पर बेहतर चिकित्सा मिल सके, इसलिए उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया गया।
उन्होंने बताया कि नंदकुमार साय के बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।