अपनी पसंद की खबर खोजें
अंबिकापुर, 8 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। इस दौरान सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और सभी कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए। अधिकारियों को अपने कार्यालयों की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
अक्टूबर तक पूरे हों निर्माणाधीन पीएम आवास
नगरीय क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता वाला कार्य बताते हुए सभी सीएमओ को अक्टूबर माह तक प्रगतिरत आवास निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य तत्काल शुरू किए जाएं और प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। राजस्व संग्रहण की हर माह समीक्षा करने के लिए भी कहा गया।
त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है, इसलिए सड़क और अधोसंरचना से जुड़े कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर काम करने और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी पर जोर
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था, जलापूर्ति से जुड़े कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा पेयजल से जुड़ी अधोसंरचनाओं के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
प्राथमिक स्कूलों में बढ़ें खेल गतिविधियां
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने खेल अधोसंरचना और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने खेल अधिकारियों को जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने को कहा। स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।
सरगुजा ओलंपिक में अधिक से अधिक भागीदारी पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने सरगुजा ओलंपिक के लिए चल रहे पंजीयन की भी जानकारी ली। उन्होंने इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने और खेल संघों तथा खेल से जुड़े लोगों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकें।
उन्होंने कहा कि खेलों से स्वास्थ्य और अनुशासन के साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना विकसित होती है। इसलिए युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएं।
बैठक में सरगुजा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले और अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।