अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को सौगात दी। इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, विद्युत और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचने वाली सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना महत्वपूर्ण है और इस यात्रा के जरिए ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने व पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा की मांग पर ग्राम चरौदा के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य कराने तथा ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और मंगल भवन से सामाजिक, सांस्कृतिक व पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
विकास कार्यों के विवरण के तहत जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 9 करोड़ 87 लाख 48 हजार रुपए तथा जल संसाधन विभाग, तिल्दा के अंतर्गत 4 करोड़ 10 लाख 17 हजार रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिससे सिंचाई से जुड़े कार्यों पर कुल 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपए व्यय होंगे। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपए के सड़क व अधोसंरचना कार्यों, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 2 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपए के कार्यों तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अंतर्गत 6 करोड़ 79 लाख 17 हजार रुपए के विद्युत विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में मिली सफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दूरस्थ अंचलों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर हर गांव और वर्ग को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।