अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा स्थित ऐतिहासिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए प्रदेशवासियों के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन तथा छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन मंदिरों, धार्मिक आस्थाओं और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिपूर्ण है। उन्होंने मुक्तेश्वर धाम जैसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों को राज्य की गौरवशाली विरासत और लोक आस्था का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे स्थलों से सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम चरौदा स्थित यह प्राचीन मुक्तेश्वर धाम छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। इस मंदिर का पुनर्निर्माण ग्रामीणों की गहरी आस्था और सामूहिक श्रमदान से किया गया है, वहीं प्रतिवर्ष पौष पूर्णिमा के अवसर पर यहां तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मंदिर दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री के साथ धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।