अपनी पसंद की खबर खोजें
बस्तर। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल बस्तर जिले में सकारात्मक परिणाम दे रही है। बस्तर के बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूरदराज की मंडियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि उन्हें अपने ही गांव में मंडी से भी बेहतर दाम मिल रहे हैं।
इसी कड़ी में ‘बिहान’ के अंतर्गत गठित किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ)—‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ बकावंड और ‘मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी’ दरभा ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से 3850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीदी की है। खरीदे गए इस मक्के को बाद में सीधे स्थानीय व्यापारी ‘सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड’ को विक्रय किया गया, जिससे पूरी खरीद-बिक्री प्रक्रिया पारदर्शी और किसानों के लिए लाभकारी साबित हुई।
किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से की जा रही इस सीधी खरीदी से किसानों को दोहरा लाभ हो रहा है। एक ओर जहां उन्हें शहर या मंडी तक उपज ले जाने में लगने वाले भारी परिवहन भाड़े और समय की बर्बादी से राहत मिली है, वहीं बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से गांव की दहलीज पर ही बाजार दर से अधिक कीमत मिल रही है, जिससे उनकी आय में सीधा इजाफा हुआ है।
उपज की सफल खरीदी के बाद अब ये कृषक उत्पादक कंपनियां भविष्य में किसानों को खेती से जुड़ी ‘इनपुट सुविधा’ यानी खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां भी उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रही हैं। इसके लिए एनआरएलएम के माध्यम से कृषि विभाग के अधीन प्रमुख संस्था इफको (IFFCO) से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि मशीन मिलने के बाद एफपीसी के जरिए ही किसानों को समय पर और उचित दर पर कृषि सामग्री मिल सके।
लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे वे एक ही मंच से अपनी उपज अच्छे दाम पर बेच सकें और खेती के संसाधन भी आसानी से प्राप्त कर सकें। इस पूरी प्रक्रिया में बिहान के विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, उत्पादक समूह सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय सहभागिता रही।