अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर, 08 अक्टूबर 2026। वन मंत्री केदार कश्यप ने गुरुवार को कोंडागांव जिले के गोलावंड स्थित स्कूलपारा आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं से संवाद किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण की स्थिति की जानकारी ली तथा कुपोषण से बचाव के लिए परिवारों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
मंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनकी सीखने और पहचानने की क्षमता को भी परखा। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से फल, पशु-पक्षियों और विभिन्न वस्तुओं की पहचान की। बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने फल और चॉकलेट वितरित किए। उन्होंने महिलाओं से बच्चों को संतुलित आहार देने तथा गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। वन मंत्री ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए शुरुआती अवस्था से ही पोषण पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने पालकों को कुपोषण के कारणों, बचाव के उपायों और संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
केदार कश्यप ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और सहायिका सहित छह महिलाओं को उनके सेवाभाव और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, जनपद अध्यक्ष अनिता कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।