अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में कौशल प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह पहल बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसरों से जोड़ने और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ और 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के तहत ब्यूटी पार्लर व हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने बंदियों को प्रमाण-पत्र सौंपते हुए कहा कि बंदियों को शिक्षा व कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान रोजगार व स्वरोजगार का आधार बनता है, जबकि ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग प्रशिक्षण से महिला बंदियों को रिहाई के बाद आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने में मदद मिलेगी।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को बधाई दी और कहा कि शिक्षा तथा व्यावसायिक दक्षता जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अर्जित तकनीकी और व्यावहारिक कौशल से बंदी भविष्य में रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।
‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से जेलों को सुधार एवं पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है ताकि बंदी समय का रचनात्मक उपयोग कर सकें। इस अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल भी उपस्थित रहे।