अपनी पसंद की खबर खोजें
अंबिकापुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल आज सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर स्थित राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल हुए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, उत्साह और सामूहिक खेल भावना का प्रदर्शन किया। मंत्री अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेलों से निखरती है प्रतिभा, मजबूत होती है एकता और नेतृत्व क्षमता
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक व मानसिक विकास के साथ युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। फुटबॉल जैसे सामूहिक खेल आपसी सहयोग, समन्वय, एकता और भाईचारे को सुदृढ़ करते हैं तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं।
सरगुजा अंचल में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा अंचल में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और स्थानीय स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं उभरती प्रतिभाओं को पहचान दिलाने व आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण के बल पर खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने आपसी तालमेल और जोशपूर्ण प्रदर्शन से मैदान का माहौल रोमांचक बनाए रखा। मंत्री अग्रवाल ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगकर्ताओं को बधाई दी।