अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ में वीबी जीरामजी योजना अंतर्गत संचालित आजीविका डबरी निर्माण अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जल संरक्षण को नई दिशा दे रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 14 दिसंबर 2025 को शुरू किए गए इस अभियान के तहत पिछले वर्ष 10 हजार डबरियां बनाने के लक्ष्य के मुकाबले 50 प्रतिशत अधिक यानी 15 हजार डबरियों का निर्माण पूरा किया गया। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में 20 हजार डबरियों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक ग्रामसभाओं की मांग और अनुमोदन के बाद 23 हजार से अधिक डबरियों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
महिलाओं के नाम सूचना पटल और निजी भूमि पर निर्माण से बढ़ रहा आर्थिक अधिकार
अभियान में ग्रामीण महिलाओं, अनुसूचित जनजाति और विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। इन डबरियों का निर्माण हितग्राहियों की निजी भूमि में कराया जा रहा है और सूचना पटल पर महिलाओं का नाम अंकित किया जा रहा है, ताकि जल संरक्षण के साथ उन्हें अपनी परिसंपत्ति और आय का स्थायी साधन मिल सके। इन डबरियों के माध्यम से मछली पालन, खेतों की सिंचाई, सब्जी उत्पादन और बागवानी जैसी गतिविधियों से परिवारों की अतिरिक्त आमदनी बढ़ रही है।
प्रदेश जल संबंधी क्रिटिकल विकासखंडों से मुक्त, सेमी-क्रिटिकल ब्लॉकों में भी कमी
डबरी निर्माण से वर्षा जल संचयन और भूजल संवर्धन के साथ ग्रामीण श्रमिकों को गांव में ही रोजगार मिल रहा है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप अब प्रदेश में जल से संबंधित एक भी क्रिटिकल विकासखंड शेष नहीं बचा है। इसके साथ ही जल से संबंधित सेमी-क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या भी 21 से घटकर 19 रह गई है।
बैगा व जनजातीय परिवारों को मिल रहा लाभ, क्यूआर कोड से पारदर्शिता
योजना का लाभ प्रदेश के विभिन्न जिलों के ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रहा है। कबीरधाम जिले के अधरूराम बैगा को प्रधानमंत्री जनमन आवास के साथ आजीविका डबरी की सुविधा मिली है। इसी तरह खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के गोलरडीह के हीरालाल बैगा, जशपुर की रजनी बाई, बलरामपुर के बंगुरकेला की पुष्पा देवी और कोंडागांव के कचोरा की सोनादई पोयाम इस पहल से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्मित डबरियों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं और प्रत्येक माह की 7 तारीख को रोजगार व आवास दिवस पर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी जा रही है।