अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत संचालित ‘मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना’ के पात्रता नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा लागू किए गए नए प्रावधान के तहत अब मकान निर्माण में सरकारी किस्तों के इंतजार में बीता समय हितग्राहियों की निर्माण अवधि में नहीं जोड़ा जाएगा। इससे सरकारी राशि मिलने में होने वाली देरी के कारण हितग्राहियों की पात्रता प्रभावित नहीं होगी।
निर्माण अवधि की गणना के लिए लागू हुआ नया फॉर्मूला
विभाग द्वारा तय किए गए नए फॉर्मूले के अनुसार, भवन अनुज्ञा जारी होने से लेकर मकान निर्माण पूरा होने के जियोटैग तक की कुल अवधि में से तीन चरणों के भुगतान में लगे समय को घटाया जाएगा। इसमें फाउंडेशन, लिंटल और रूफ स्तर पर जियोटैग होने के बाद संबंधित किस्त के भुगतान तक लगा समय शामिल रहेगा।
वास्तविक निर्माण अवधि का होगा आकलन, सम्मान राशि यथावत
पहले की व्यवस्था में निर्माण अवधि के दौरान किस्तों के भुगतान का इंतजार भी जुड़ जाता था, जिसके कारण समय पर राशि नहीं मिलने का खामियाजा हितग्राहियों को भुगतना पड़ता था। नए नियम से मकान निर्माण की वास्तविक अवधि का आकलन हो सकेगा। योजना के तहत निर्धारित 18 माह के भीतर निर्माण पूरा करने वाले पात्र हितग्राहियों को दी जाने वाली 32,850 रुपये की सम्मान राशि और लाभार्थियों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी नगरीय निकायों को नए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने कहा है।