अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल जगन्नाथ पुरी में होटल बुक करने की कोशिश एक युवती के लिए महंगी साबित हुई। छत्तीसगढ़ के गोबरा नवापारा की 20 वर्षीय छात्रा तोषिबा सिन्हा साइबर ठगों के जाल में फंस गईं। आरोप है कि ठगों ने होटल के कमरे की अग्रिम बुकिंग और बाद में रिफंड दिलाने के नाम पर उनसे 90 हजार रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर करा ली। युवती पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए जाने की तैयारी कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने इंटरनेट पर होटल की तलाश की थी।
इंटरनेट पर होटल खोजते समय ठगों के संपर्क में आईं
नवापारा के सदर रोड निवासी तोषिबा सिन्हा ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने 7 अक्टूबर को जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान ठहरने के लिए ऑनलाइन होटल खोजना शुरू किया। गूगल पर सर्च करने के दौरान उन्हें ‘एसकेएस बीच होटल स्पा’ नाम से एक वेबसाइट दिखाई दी। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर उन्होंने व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया।
एडवांस भुगतान के नाम पर मांगे 7 हजार रुपये
युवती के मुताबिक, होटल के नाम पर संपर्क करने वाले व्यक्ति ने दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपये बताया। इसके बाद बुकिंग पक्की करने के लिए 50 प्रतिशत अग्रिम राशि यानी 7 हजार रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से भेजने को कहा गया। युवती ने बताए गए तरीके से रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद ठगों ने तकनीकी खामी का बहाना बनाकर भुगतान वापस कराने की बात कही।
रिफंड के बहाने 90 हजार रुपये से अधिक की ठगी
आरोप है कि ठगों ने रिफंड की प्रक्रिया पूरी करने का झांसा देकर युवती से कई बार में और रकम ट्रांसफर कराई। इस तरह होटल बुकिंग के नाम पर शुरू हुआ मामला 90 हजार रुपये से अधिक की साइबर ठगी में बदल गया। ऑनलाइन होटल बुक करते समय वेबसाइट की विश्वसनीयता और भुगतान की प्रक्रिया की पुष्टि करना बेहद जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर रिफंड पाने के लिए बार-बार पैसे भेजने से बचना चाहिए।